KhabarMantra: झारखंड सरकार की “पढ़ेगा झारखंड, बढ़ेगा झारखंड” की सोच को आगे बढ़ाते हुए राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर विधानसभा क्षेत्र के लापुंग प्रखंड में तीन सरकारी स्कूलों के भवन निर्माण की योजना का शिलान्यास किया। कुल 1 करोड़ 17 लाख 82 हजार रुपये की लागत से स्कूल भवन बनाए जाएंगे।
इस योजना के तहत:
• राजकीयकृत मध्य विद्यालय, लापुंग में 55 लाख 94 हजार रुपये की लागत से 8 कमरों वाला नया भवन बनेगा।
• राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, डाड़ी में 30 लाख 94 हजार रुपये की लागत से 4 कमरों का भवन बनेगा।
• पीएम श्री अपग्रेडेड हाई स्कूल, सरसा में भी 30 लाख 94 हजार रुपये में 4 कमरों का भवन तैयार किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री तिर्की ने कहा, “स्कूल भवन की कमी के कारण नामांकन की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। अब भवन निर्माण से न केवल पढ़ाई का माहौल सुधरेगा, बल्कि बच्चों का भविष्य भी मजबूत होगा।”
मंत्री ने आगे कहा कि सरकारी स्कूलों के छात्र आज देश के कई महत्वपूर्ण पदों पर हैं। “बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि शिक्षित समाज से ही विकसित समाज की कल्पना की जा सकती है। इसलिए हर परिवार को बच्चों की शिक्षा के लिए संकल्प लेना चाहिए,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक, अभिभावक, स्थानीय जन प्रतिनिधि, प्रखंड स्तरीय अधिकारी, कांग्रेस के नेता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।












