‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए आतंकवाद और सैन्य आक्रामकता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. आज यानी सोमवार को लगातार दूसरे दिन तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऑपरेशन की जानकारी साझा की. प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत प्रतीकात्मक गीत ‘जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है’ के साथ की गई, जो पाकिस्तान को एक स्पष्ट संदेश था.
आतंक को संरक्षण देने वाले पाकिस्तान को सीधा संदेश
भारतीय सेना ने बताया कि पाकिस्तान ने आतंकियों का साथ दिया और अपनी सेना के जरिए इसे एक खुली जंग का रूप दे दिया. इसके जवाब में भारत ने ज़मीन, हवा और समुद्र तीनों मोर्चों पर मुंहतोड़ जवाब दिया.
एयर डिफेंस सिस्टम ने किए सभी हमले विफल
एयर मार्शल ए.के. भारती ने बताया कि पाकिस्तान द्वारा भेजे गए ड्रोन और मानव रहित हवाई वाहनों (UAVs) को भारतीय वायु रक्षा कर्मियों और स्वदेशी रूप से विकसित ‘सॉफ्ट और हार्ड किल काउंटर-यूएएस सिस्टम’ द्वारा सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया गया. उन्होंने कहा कि भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम को भेदना नामुमकिन है.
चीन के मिसाइल भी हुए बेअसर
DGMO लेफ्टिनेंट जनरल घई ने बताया कि पाकिस्तान ने जिन मिसाइलों का इस्तेमाल किया, वे चीन निर्मित थे. भारतीय सेना ने उन्हें भी सफलतापूर्वक मार गिराया और देश की रक्षा सुनिश्चित की.
आतंकवादियों और पाक सैनिकों को भारी नुकसान
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और POK में मौजूद आतंकवादी ठिकानों पर निशाना साधा. सेना ने खुलासा किया कि पुलवामा हमले और IC-814 अपहरण में शामिल यूसुफ अजहर, अब्दुल मलिक रऊफ और मुदस्सिर अहमद समेत 100 से अधिक आतंकियों को 7 मई को मार गिराया गया. इस कार्रवाई में 30 से 40 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की भी पुष्टि की गई है.
पाकिस्तानी विमान भी बने निशाना
एयर मार्शल भारती ने बताया कि भारत ने कुछ पाकिस्तानी विमानों को निशाना बनाकर गिराया है, हालांकि सटीक संख्या नहीं बताई गई. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विमान भारतीय सीमा के अंदर घुसने में असफल रहे, इसीलिए मलबा हाथ नहीं लगा.
भारत की सख्त कार्रवाई से कांपा पाकिस्तान, संघर्षविराम की लगाई गुहार
DGMO लेफ्टिनेंट जनरल घई ने बताया कि भारतीय जवाबी हमलों से घबराकर पाकिस्तानी DGMO ने शनिवार दोपहर भारतीय समकक्ष को फोन कर संघर्ष रोकने की अपील की. इसके बाद दोनों देशों ने भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति व्यक्त की.
यह कॉल भारत द्वारा रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहीम यार खान, सुक्कुर और चुनियन जैसे प्रमुख पाक सैन्य ठिकानों पर किए गए जवाबी हमलों के बाद आया. ये हमले 9 और 10 मई की रात पाकिस्तान द्वारा भारत के सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश के जवाब में किए गए थे.
शहीदों को दी श्रद्धांजलि
संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान ऑपरेशन में शहीद हुए पांच भारतीय सैनिकों और नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणा बताया गया.












