Ranchi: रांची में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर की गई गलती को आतंकी संगठन से जोड़ने को लेकर भाजपा विधायक सीपी सिंह पर राज्य सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कड़ी आपत्ति जताई है। मंत्री अंसारी ने तीखे शब्दों में सीपी सिंह की टिप्पणी को “जहरीली मानसिकता” करार देते हुए कहा कि “देशद्रोह की असली जड़ ऐसी सोच में है, जो समाज को धर्म के आधार पर बांटती है।”
डॉ. अंसारी ने कहा, “गरीब और लाचारों के साथ अन्याय कर कोई भी व्यक्ति खुद के लिए बेहतर जिंदगी की उम्मीद नहीं कर सकता। ऐसे लोग कभी किसी के सगे नहीं हो सकते।” उन्होंने सीपी सिंह द्वारा युवक को ISIS से जोड़ने के बयान को “ओछी राजनीति” बताते हुए उनकी मानसिकता पर सवाल उठाया।
उन्होंने विधायक को चुनौती देते हुए कहा, “अगर आपके पास कोई सबूत है तो उसे कानून के हवाले कीजिए। लेकिन किसी धर्म, समुदाय या संस्था को बिना आधार बदनाम करने का अधिकार आपको किसने दिया?”
डॉ. अंसारी ने यह भी कहा कि एक मां के बेटे पर लगाए गए गंभीर आरोपों ने उसके परिवार को मानसिक रूप से तोड़ दिया है। उन्होंने पूछा, “क्या आपने कभी सोचा है कि उस मासूम बच्चे की मां पर क्या बीत रही होगी?”
मंत्री ने सीपी सिंह को चेतावनी देते हुए कहा, “मैं बार-बार आपको नसीहत दे रहा हूं—जहर उगलना बंद कीजिए और सुधर जाइए। देश को आप जैसे नफरत फैलाने वाले नेताओं से सबसे बड़ा खतरा है।”
डॉ. अंसारी का यह बयान राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर रहा है, और इस मामले ने राज्य की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे दिया है।













