रांची: राज्य गठन के बाद पहली बार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को झारखंड में अपना स्थायी प्रदेश कार्यालय मिला है. यह कार्यालय रांची के बीआईटी मोड़ के पास पार्टी की स्वयं की जमीन पर बनाया गया है. बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने इस नए कार्यालय का ऑनलाइन उद्घाटन किया. इसके बाद पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ.
फीता काटकर नेताओं ने किया प्रवेश
उद्घाटन के मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद खीरू महतो और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय में प्रवेश किया. इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे. कार्यालय में पूजा-पाठ और हवन का आयोजन भी किया गया.
बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर हुई चर्चा
उद्घाटन के बाद आयोजित बैठक में आगामी निकाय चुनाव, सदस्यता अभियान और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने कहा कि वर्षों से पार्टी को एक स्थायी कार्यालय की आवश्यकता थी, जो अब पूरी हो गई है.
उन्होंने बताया कि संगठन को जिला स्तर पर सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए जल्द ही संगठन प्रभारियों की घोषणा की जाएगी. विधायक सरयू राय ने कहा कि पार्टी को नियमित कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से जोड़ना होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जो लोग निकाय चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे अपने वार्डों में सक्रिय रूप से संपर्क अभियान चलाएं और समस्याओं को पार्टी स्तर पर उठाएं.
श्रद्धांजलि और अन्य अहम चर्चाएं
बैठक के अंत में पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई. बैठक में श्रवण कुमार, डॉ. आफताब जमील, धर्मेंद्र तिवारी, भगवान सिंह, संजय सिंह, निर्मल सिंह, सागर कुमार, पिंटू सिंह और उपेंद्र सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे.
डीजीपी मुद्दे पर सरयू राय का बयान
मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि अनुराग गुप्ता को डीजीपी पद पर बनाए रखना नियम संगत नहीं है. इससे अन्य योग्य अधिकारियों को इस पद से वंचित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा का स्वागत
सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की स्पेन और स्वीडन यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि वहां देखा गया विकास झारखंड में भी लागू हो, इसके प्रयास किए जाने चाहिए.
इस आयोजन ने जदयू के झारखंड संगठन को नई ऊर्जा देने का काम किया है, जिससे आने वाले समय में पार्टी की सक्रियता और जनसंपर्क अभियान में तेजी आने की संभावना है.












