मैथन/धनबाद: एमपीएल (Maithon Power Limited) की ओर से गर्मी को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गयी है। इस बाबत कर्मियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बचाव एवं कार्य करने के तौर तरीकों की जानकारियां भी दी जा रही है। गर्मी को देखते हुए MPL- CSR की ओर से आप-पास के गांवों में टैंकरों के माध्यम से पेयजलापूर्ति शुरू की गयी है।
MPL के सीईओ एवं चीफ इस्टर्न रीजन जेनरेशन जगमीत सिंह सिद्धू ने हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक एवं सराहनीय कदम उठाने की सलाह दी है, ताकि काम के दौरान किसी को कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य रक्षा सर्वोपरि है। इस तरह के कदम से कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की रक्षा करने में मदद मिल सकती है।
सीएमडी विभाग की ओर से सुरक्षा थीम पर आधारित सामूहिक बैठकें आयोजित की गयी। कर्मियों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रमुख दिशा-निर्देशों और निवारक उपायों पर चर्चा की गई। श्रमिकों के बीच ग्लूकोज वितरित किया गया तथा गर्मी के मौसम में हाइड्रेटेड रहने और गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचने के लिए सावधानी बरतने के महत्व पर जोर दिया गया। रसायन विज्ञान विभाग की ओर से व्यापार सहयोगियों को मुख्य रूप से हीट स्ट्रेस / सार्वजनिक सुरक्षा और मानसून की तैयारियों पर चर्चा करते हुए उन्हें जागरूक किया गया। डीएसआर टीम के द्वारा ऑन स्पॉट सत्र आयोजित कर बचाव के तरकीब बताएं गये। ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, गर्मी से होने वाली थकावट से बचने के लिए छायादार जगहों पर आराम करने, हल्के ढीले-ढाले कपड़े और टोपी पहने, गर्मी से संबंधित बीमारियों (चक्कर आना, मतली, सिरदर्द) के लक्षण आने पर परामर्श लेने की सलाह दी गयी। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, छायादार विश्राम क्षेत्र निर्धारित करने, मौसम के पूर्वानुमान की निगरानी करने, गर्मी से संबंधित किसी भी लक्षण की रिपोर्ट करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।












