मैथन/धनबाद: गलफरबाड़ी ओपी क्षेत्र के कृष्णा कांटा के पास पटेल बस्ती में गुरूवार की रात चोरों ने दो घरों से नगद 35 हजार सहित करीब एक लाख के जेवरात चोरी कर ली। चोरों ने मनोज साव के घर को पहला निशाना बनाया। मनोज साव शादी समारोह में पूरे परिवार के साथ बाहर गये हुए थे। सुबह करीब पांच बजे घर वापस लौटने के बाद घर का दरवाजा खोला तो देखा पूरा सामान पलंग पर बिखरा पड़ा है। खपरैल घर से खपरैल हटाया हुआ था। चोर उपर के रास्ते घर में अन्दर घुसा और चोरी की घटना को अंज़ाम दिया। मनोज साव द्वारा जब अलमीरा और बक्से की जांच की गयी तो पता चला कि अलमीरा से 35 हजार नगद गायब है। वहीं बक्से से बेटी के लिए बनाया गया चांदी के जेवर और चेन गायब है। चोरों ने मनोज साव के नीचे वाले घर में रह रहे शिवा साव के घर को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। लेकिन शिवा साव सपरिवार घर में ही थे। इसलिए चोर आंगन में रखे पूजा के पीतल के बर्तन अपने साथ ले गये। मनोज ने आस-पास के लोगों की इसकी जानकारी दी। लोगो ने गलफरबाड़ी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। चोरी की इस घटना से बस्ती के लोग काफी गुस्से में है। कहा कि सौ मीटर की दूरी पर ओपी होने के बावजूद हमलोग सुरक्षित नहीं है। इस संबंध में अब तक भुक्तभोगी की ओर से एफआईआर दर्ज नही करायी गयी है।












