‘ससुराल सिमर का’ फेम टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इन दिनों एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रही हैं. उनके पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम ने हाल ही में अपने यूट्यूब व्लॉग के जरिए यह चौंकाने वाली जानकारी साझा की है कि दीपिका को लिवर में ट्यूमर हो गया है.
शोएब ने बताया कि दीपिका को पिछले कुछ समय से पेट में तेज दर्द की शिकायत थी. शुरुआत में डॉक्टर्स ने इसे सामान्य इन्फेक्शन समझकर मेडिकेशन पर रखा, लेकिन जब आराम नहीं मिला तो आगे की जांच की गई. दोबारा अस्पताल जाने पर सीटी स्कैन कराया गया, जिसमें यह सामने आया कि दीपिका के लिवर के बाएं हिस्से में ट्यूमर है.
शोएब ने भावुक होकर कहा, “यह ट्यूमर साइज में टेनिस बॉल जितना बड़ा है. जब डॉक्टर ने हमें बताया तो हम सभी शॉक में थे.” उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल दीपिका का इलाज चल रहा है और पूरा परिवार इस मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा बना हुआ है. वहीं, शोएब ने फैंस से दीपिका की सेहत के लिए दुआएं करने की अपील भी की है.












