KhabarMantra: एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, बेड़ों में अब छात्रों को भवन की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा। राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विद्यालय परिसर में 62 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 10 कमरों के भवन का शिलान्यास किया।
यह वही विद्यालय है, जिसके छात्र-छात्राओं ने पहले भवन, पानी और शौचालय की कमी को लेकर प्रखंड कार्यालय का घेराव किया था। पानी और शौचालय की समस्या का समाधान पहले ही किया जा चुका है। अब भवन निर्माण से छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि शिक्षा जीवन का आधार है और अनुशासन, धैर्य व त्याग से सफलता पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि छात्रों को खुद के अंदर सफलता की भूख जगाने की जरूरत है। अब भवन की कमी के कारण किसी छात्र का नामांकन नहीं रुकेगा।
मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद प्लस टू विद्यालयों में छात्रों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसे देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि क्लासरूम एजुकेशन छात्रों के भविष्य के लिए बहुत जरूरी है और विद्यालयों में पर्याप्त कमरे होने चाहिए।
मंत्री ने कहा कि अब शिक्षा किसी विशेष वर्ग तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह सभी के लिए जरूरी बन गई है। उन्होंने छात्रों को मोबाइल से दूरी बनाकर किताबों से दोस्ती करने की सलाह दी।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य बेरोनिका उरांव, उप प्रमुख मुद्दसिर हक, सुशांति भगत, बीडीओ राहुल उरांव, सीओ प्रताप मिंज, प्रखंड अध्यक्ष करमा उरांव, नवल सिंह, मीर मुस्लिम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।












