गिरिडीह: नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ CRPF और जिला पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है. CRPF 154 बटालियन के कमांडेंट सुनीलदत्त त्रिपाठी और गिरिडीह के S.P डॉ. बिमल कुमार को मिली सूचना के आधार पर पारसनाथ पहाड़ी पर सर्च अभियान चलाया गया.
इस अभियान के दरमियान पारसनाथ के जोकाई नाला और गार्दी के नजदीक हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है. जिसकी जानकारी कमांडेंट सुनीलदत्त त्रिपाठी और S.P डॉ. बिमल ने शुक्रवार को दी है.
अभियान को लेकर अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों के द्वारा छिपाये गए हथियारों के संदर्भ में मिल रही सूचना पर 154 बटालियन केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की टुकड़ी के साथ द्वितीय कमान अधिकारी दलजीत सिंह भाटी, अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार, सहायक कमांडेट सीएच तोम्बा सिंह, जीडी ओम प्रकाश वर्मा और खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने एक टीम बनाते हुए सर्च अभियान चलाया. इस अभियान में नक्सलियों के द्वारा पारसनाथ पहाड़ी के खुखरा थाना क्षेत्र में चतरी कनाडीह गांव के ऊपर जोकाई नाला के नजदीक गार्दी के घने जंगल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद के साथ अन्य सामान बरामद किए गए.
SP डॉ. बीमल ने बताया कि नक्सलियों ने सिंटैक्स के टंकी में हथियार को रखा था और टंकी को जमीन के अंदर छिपा दिया गया था. वहीं, काफी मेहनत और सावधानी के साथ टंकी को जमीन से निकाला गया.













