भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) आम जनता के लिए एक बड़ी राहत की तैयारी में है. जल्द ही होम लोन लेने वालों को सस्ती किस्तों का तोहफा मिल सकता है, क्योंकि रेपो रेट में कटौती की संभावना जताई जा रही है. अगर ऐसा होता है तो इससे न सिर्फ आम लोगों के घर खरीदने का सपना साकार होगा, बल्कि रियल एस्टेट सेक्टर को भी नई रफ्तार मिलेगी.
रेपो रेट में कटौती की संभावना
RBI की मौद्रिक नीति समिति की बैठक 4 से 6 जून के बीच होने जा रही है. इसी बैठक में रेपो रेट में कटौती का फैसला लिया जा सकता है. बता दें, रेपो रेट वह दर होती है जिस पर RBI बैंकों को लोन देता है. जब इसमें कटौती होती है तो बैंक भी लोन की ब्याज दरें घटा देते हैं, जिससे होम लोन और कार लोन सस्ते हो जाते हैं.
महंगाई नियंत्रण में, GDP स्थिर
SBI सिक्योरिटीज के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट सनी अग्रवाल के अनुसार, तमाम आर्थिक संकेतक रेपो रेट में कटौती की तरफ इशारा कर रहे हैं. मौजूदा समय में महंगाई RBI के तय लक्ष्य के भीतर है और GDP ग्रोथ भी स्थिर बनी हुई है. पिछली मौद्रिक नीति बैठक में RBI गवर्नर ने संकेत दिया था कि अगर महंगाई इसी तरह नियंत्रण में रहती है, तो रेपो रेट में कटौती की जा सकती है.
दिवाली तक मिल सकता है बड़ा तोहफा
जानकारों का मानना है कि दिवाली तक रेपो रेट में 0.75% की कटौती हो सकती है. फिलहाल यह 6% है, जो अक्टूबर 2025 तक घटकर 5.25% तक आ सकता है. पूरे साल में इसमें 1% यानी 100 बेसिस पॉइंट तक की कमी की संभावना जताई जा रही है, जिससे रेपो रेट 5% तक आ सकता है.
आम लोगों को होगा सीधा फायदा
अगर रेपो रेट में कटौती होती है तो बैंकों द्वारा दिए जाने वाले होम लोन, ऑटो लोन और अन्य कर्जों पर ब्याज दरें कम हो जाएंगी. इससे लोन की मासिक किस्तें (EMI) घटेंगी और लोगों को राहत मिलेगी. साथ ही रियल एस्टेट सेक्टर को भी नए खरीदार मिल सकते हैं, जिससे बाजार में तेजी आएगी.












