झारखंड में राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में आज पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया है. परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद हैं. राज्यभर के विभिन्न जिलों में परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या भीड़भाड़ से बचा जा सके.
राजधानी रांची में इस परीक्षा के लिए 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. वहीं धनबाद जिले में सबसे अधिक 26 परीक्षा केंद्र पर परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं. इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम जिले में 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां परीक्षार्थी शांतिपूर्वक परीक्षा दे रहे हैं.
प्रशासन और पुलिस की टीमों ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके. परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और पूरे माहौल को नियंत्रित रखने के लिए दंडाधिकारी भी तैनात किए गए हैं.
मालूम हो कि, झारखंड पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा राज्य के तकनीकी शिक्षा संस्थानों में डिप्लोमा कोर्सेस में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है और इसमें हजारों छात्र हर साल हिस्सा लेते हैं.












