कुमारधुबी-कालूबथान ओपी क्षेत्र के पाथरकुआं कलियासोल स्थित आजीविका संसाधन केंद्र में एक बड़ा हादसा हो गया, जब कोयला लदा ट्रक (नं. NL01L6284) अनियंत्रित होकर केंद्र की बाउंड्री वॉल को तोड़ते हुए पलट गया. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
मौके पर कालूबथान पुलिस तुरंत पहुंची और ट्रक को ओपी क्षेत्र के किरान के माध्यम से वहां से हटाया गया. प्राथमिक जांच में पता चला है कि ट्रक में लदा कच्चा कोयला डूंमरीजोड़ खदान से लोड हुआ था.
सूत्रों के अनुसार, इस अवैध कोयला परिवहन में रांची की एक बड़ी पार्टी शामिल है, जिसका संचालन स्थानीय रंजन नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है.
जब इस मामले में कालूबथान ओपी प्रभारी नितेश कुमार मिश्रा से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें इस विषय में कोई जानकारी नहीं है और अनुसंधान के बाद ही कुछ स्पष्ट रूप से कहा जा सकता है.
गौरतलब है कि जिस डूंमरीजोड़ खदान से कोयला लोड किया गया था, वहां दो साल पहले अवैध खनन के कारण करीब 100 मीटर तक सड़क धंस गई थी. उस घटना के बाद धनबाद सहित पूरे झारखंड के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे थे.
यह घटना अवैध खनन और कोयला माफिया की सक्रियता को एक बार फिर उजागर करती है, जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर कड़े कदम उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है.













