उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार आज कांके स्थित कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित करने के लिए कराटे प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का उद्देश्य
इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित करना है. जिला समाज कल्याण कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस सत्र में विद्यालय की कुल 350 छात्राएं शामिल हुई. प्रशिक्षण के द्वितीय स्तर को सफलतापूर्वक पूरा करने के उपरांत सभी बालिकाओं को ऑरेंज बेल्ट प्रदान की गई.
पहल को स्थानीय स्तर पर मिली काफी सराहना
कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरभि सिंह, विद्यालय की वार्डेन, शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. अधिकारियों ने बालिकाओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण बालिकाओं को न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित करते हैं.
इस पहल को स्थानीय स्तर पर काफी सराहना मिल रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में भी इस तरह के और सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक छात्राओं को लाभ मिल सके.













