Jharkhand: धनबाद नगर निगम ने स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर सरायढेला स्थित जेननेक्स पैथोलैब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। निगम की टीम ने शनिवार को शक्ति मार्केट में स्थित इस पैथोलैब पर बायोमेडिकल वेस्ट को सामान्य डस्टबिन में फेंकने के आरोप में ₹10,000 का जुर्माना लगाया।
सेनेटरी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि निगम के एक सुपरवाइजर को डस्टबिन में संदिग्ध चिकित्सा अपशिष्ट मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि उक्त वेस्ट जेननेक्स पैथोलैब से फेंका गया था। कार्रवाई के डर से पैथोलैब संचालक मौके से फरार हो गया, लेकिन उसे नोटिस भेजा गया है और नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा।
अनिल कुमार ने कहा, “बायोमेडिकल वेस्ट का खुले में या नगर निगम के डस्टबिन में निपटान सख्त वर्जित है। यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी खतरा है।”
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के मामलों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा बनाए रखी जा सके।












