Ranchi: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार द्वारा अब तक विशेष संसद सत्र नहीं बुलाए जाने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने केंद्र पर आरोप लगाया कि जब-जब देश पर बाहरी हमला होता है, तब संसद का विशेष सत्र बुलाकर देश को एकजुट संदेश दिया जाता रहा है, लेकिन इस बार सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्र के साथ खड़ी है सरकार
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि पहलगाम हमले को लेकर न तो संसद में चर्चा हुई और न ही सरकार ने अब तक कोई ठोस बयान दिया है। उन्होंने कहा, यह बेहद गंभीर विषय है कि इतने बड़े आतंकी हमले के बाद भी केंद्र सरकार संसद का विशेष सत्र नहीं बुला रही। क्या सरकार किसी तथ्य को छुपाना चाहती है? झामुमो महासचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ खड़ी है, लेकिन पारदर्शिता और जनता को सही जानकारी देना भी जरूरी है। उन्होंने मांग की कि संसद का विशेष सत्र बुलाकर देश की जनता को पहलगाम हमले की पूरी सच्चाई बताई जाए। भट्टाचार्य ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी दलों को एक साथ आना चाहिए। उन्होंने कहा कि संसद देश का सर्वोच्च मंच है और ऐसे संवेदनशील मामलों में वहां से स्पष्ट और एकजुट संदेश जाना जरूरी है।
read more: कौन है ये तेजू की अनुष्का? जिसके कारण लालू परिवार की बढ़ गई टेंशन…













