Ranchi: मैट्रिक परीक्षा 2025 में 97.4% अंकों के साथ रांची जिले में पहला और झारखंड राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त करने वाली तहरीन फातिमा को जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपायुक्त-कम-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने तहरीन को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर तहरीन के माता-पिता को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
तहरीन की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात – उपायुक्त
उपायुक्त ने तहरीन की उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि एक साधारण परिवार से आने वाली इस छात्रा की मेहनत और लगन आज सभी के लिए एक मिसाल है। तहरीन के पिता अब्दुल रहमान कपड़े की ठेली लगाते हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपनी बेटी की पढ़ाई में रुकावट नहीं आने दी। इस मौके पर जब तहरीन को मंच पर सम्मानित किया गया, तो माता-पिता की आंखें नम हो गईं।
Read More: पूर्वी टुंडी अंचल अधिकारी ने ग़ैराबाद जमीन से हटाया अवैध कब्जा
इंजीनियरिंग और फिर UPSC, बनना है IAS – तहरीन
जब तहरीन से पूछा गया कि आगे क्या करना चाहती हो, तो उसने आत्मविश्वास से जवाब दिया— “पहले इंजीनियरिंग, फिर यूपीएससी की तैयारी कर आईएएस बनना है।” इस जवाब पर मौजूद सभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान तैर गई। उसकी यह सोच बताती है कि वह न सिर्फ मेहनती है, बल्कि अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट भी है।
स्कूल प्रशासन और शिक्षकों का सराहनीय योगदान
इस मौके पर तहरीन के स्कूल की वाइस प्रिंसिपल सिस्टर विक्टोरिया, शिक्षिका सिस्टर सुनीता लकड़ा और शिक्षक एंथनी तिग्गा भी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी के योगदान की सराहना की और कहा कि शिक्षक और माता-पिता का सहयोग मिलकर ही ऐसी सफलता संभव होती है।
Read More: चोरों का आतंक, चार घर का तोड़ा ताला, एक घर से तीन लाख की जेवरात की चोरी
बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में पहल
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिए कि तहरीन के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ को साकार करने के लिए राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर बेटी तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
तहरीन की यह सफलता न केवल उसके परिवार के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। वह यह साबित करती है कि साधारण परिस्थियों में भी असाधारण सफलता पाई जा सकती है।
Read More: ATS रांची और कोलकाता STF की संयुक्त कार्रवाई, अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा













