Jharkhand: निरसा हाईवा परिवहन स्वावलंबी सहकारी समिति का बहुप्रतीक्षित चुनाव 11 जून 2025 को आयोजित किया जाएगा। इस चुनाव में हाईवा मालिक नए अध्यक्ष एवं सचिव का चयन करेंगे। इसकी जानकारी समिति के चुनाव पर्यवेक्षक अखलाक हुसैन ने शुक्रवार को हरियाजाम स्थित समिति कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि 1 जून से 6 जून तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान वैसे हाईवा मालिक जो अभी तक समिति के सदस्य नहीं हैं, वे ₹100 शुल्क देकर सदस्यता प्राप्त कर सकते हैं। सदस्यता उन्हीं हाईवा मालिकों को दी जाएगी जिनके वाहन पिछले 6 माह के भीतर एमपीएल के कोयला या छाई परिवहन में लगे रहे हों।
5 जून को सभी हाईवा मालिकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में एमपीएल प्रबंधन एवं विभिन्न एसोसिएशनों को लेकर रणनीति पर विचार किया जाएगा। अखलाक हुसैन ने कहा कि अनेक हाईवा एसोसिएशन के कारण सामूहिक दबाव नहीं बन पाता, जिससे मांगों को मनवाने में कठिनाई होती है। यह बैठक इस दिशा में एक अहम पहल होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नए अध्यक्ष और सचिव का चयन नहीं हो जाता तथा वे पद और गोपनीयता की शपथ नहीं ले लेते, तब तक वर्तमान अध्यक्ष उज्ज्वल तिवारी और सचिव श्रीकांत पांडे, अन्य पदाधिकारियों के साथ कार्यवाहक रूप में अपने पदों पर बने रहेंगे।
प्रेस वार्ता में उपस्थित सदस्य:
संजय सिंह (संरक्षक), मुख्तार शेख, मुकेश मिश्रा, तोतन गोप, मल्लेश्वरी यादव, विधु यादव, विकास सिंह, विधान तिवारी, अभिजीत चक्रवर्ती सहित कई अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।













