Jharkhand News: बुधवार को आदिवासी संगठनों द्वारा आहूत बंद का असर पूरे शहर में देखने को मिला. दोपहर बाद बंद समर्थकों ने शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर सड़क जाम कर दी, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
गंतव्य तक पहुंचना हुआ मुश्किल
खादगढ़ा बस स्टैंड, रांची रेलवे स्टेशन और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को बीच रास्ते में ही वाहन छोड़ना पड़ा. कई यात्रियों को सामान के साथ पैदल ही अपने गंतव्य तक जाना पड़ा. बंद समर्थकों ने ऑटो, ई-रिक्शा और निजी वाहनों को जाम स्थल से आगे बढ़ने नहीं दिया.
कई लोगों के छूटे फ्लाइट
एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो एयरलाइंस के करीब 15 यात्रियों ने SMS के जरिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट कार्यालय को सूचित किया कि वे बंद के चलते समय पर एयरपोर्ट नहीं पहुंच पाए. एयरपोर्ट निदेशक आर.आर. मौर्या ने कहा कि जिन यात्रियों की फ्लाइट छूट गई है, उन्हें अगली फ्लाइट में समायोजित किया जाएगा.
रेलवे स्टेशन न पहुंच पाने से छूटी ट्रेनें
लगभग 100 यात्री समय पर रांची रेलवे स्टेशन नहीं पहुंच सके, जिससे उनकी ट्रेन छूट गई. शहर के कई हिस्सों में ओला कैब चालक और बाइक टैक्सी सेवा देने वालों ने यात्रियों से अधिक किराया वसूला.
read more- आज का राशिफल 5 जून 2025: जानिए सभी 12 राशियों का दैनिक भविष्यफल
प्रमुख जाम स्थल और वैकल्पिक मार्ग:
- खेलगांव चौक: यात्रियों को बरियातू से चेशायर होम रोड होते हुए कांटाटोली स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड जाना पड़ा.
- बहू बाजार चौक: यहां से यात्रियों को कर्बला चौक, रतन टॉकीज, ओवरब्रिज, डोरंडा होकर एयरपोर्ट पहुंचना पड़ा.
- रांची रेलवे स्टेशन: जाम के कारण कई यात्रियों को पैदल स्टेशन पहुंचना पड़ा.
- हिनू चौक: इंदिरा पैलेस के पीछे से साकेत नगर होते हुए यात्रियों ने एयरपोर्ट की राह पकड़ी.
- बिरसा चौक से हिनू की ओर: यात्रियों को बीच रास्ते में वाहन बदलकर ई-रिक्शा से एयरपोर्ट जाना पड़ा.
आदिवासी बंद के कारण रांची शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. आम यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. प्रशासन को भविष्य में ऐसे बंद से निपटने के लिए बेहतर तैयारी की आवश्यकता है.













