Dhanbad: गोविंदपुर थाना अंतर्गत गायडेहराबाद हनुमान मंदिर के पास यादव टोला की एक नाबालिग बच्ची से अभद्र व्यवहार करने के मामले ने गंभीर रूप ले लिया। अमलाटांड के एक दर्जन से अधिक युवकों ने यादव टोला में हमला कर दिया। इस घटना में कइ लोग चोटिल हो गए। गोविंदपुर पुलिस इंस्पेक्टर रुस्तम अली घटना की सूचना पाकर मौके पर दल बल के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो स्थिति विस्फोटक हो जाती। बताया जाता है कि गायडेहराबाद निवासी कुंदन यादव अपनी बहन को लेकर ट्यूशन छोड़ने नीचे बाजार जा रहा था। अचानक बाइक सवार तौफीक, सलीम एवं आसिफ ने फब्तियां कसी। इसका उन्होंने विरोध किया। इसके बाद बहन से छेड़छाड़ की गई। ट्यूशन छोड़कर आने के बाद करीब 20 -25 अज्ञात लोग उनके घर आए और घर में घुसकर उनके चाचा महेश यादव, दादी गायत्री देवी, एवं भतीजी के साथ मारपीट की। इससे पूरा परिवार दशहत में है। पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि इस मामले में दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कानून हाथ में लेने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। उधर दूसरे पक्ष के सनाउल अंसारी ने इस मामले में प्रथम पक्ष के लोगों के खिलाफ गोविंदपुर पुलिस में आवेदन दिया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।












