Jharkhand News: चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं लगातार जारी हैं। ताजा मामला बुधवार दोपहर 2:20 बजे के करीब सामने आया, जब वंदे भारत एक्सप्रेस (20835), जो राउरकेला से पुरी की ओर जा रही थी, पर अज्ञात हमलावरों ने जोरदार पत्थरबाजी कर दी।
Read More: UPSC Prelims Result 2025 Declared: 14,161 अभ्यर्थी पास, जानें MAINS परीक्षा की तारीख
यह घटना राउरकेला रेल खंड के पानपोश और कलूंगा रेलवे स्टेशनों के बीच हुई, जहाँ ट्रेन ने महज 10 किलोमीटर का सफर तय किया था। हमले में ट्रेन के कोच सी-3 की खिड़कियों के शीशे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सीट नंबर 40, 41 और 42 के पास लगे शीशों पर हमले के निशान साफ तौर पर देखे जा सकते हैं।
यात्रियों में दहशत, प्रशासन नाकाम
घटना के वक्त ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में अफरातफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं से यात्रियों में डर का माहौल गहराता जा रहा है।
गौरतलब है कि चक्रधरपुर रेल मंडल में पिछले कई महीनों से ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं आम हो चुकी हैं, और वंदे भारत ट्रेन को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है। अब तक आरपीएफ और जीआरपी की ओर से इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हो पाई है, जिससे उनका मनोबल और बढ़ता जा रहा है।
Read More: छेड़खानी को लेकर हुए विवाद में गोविंदपुर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों और रेल कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर अब रेलवे प्रशासन को ठोस कदम उठाने की ज़रूरत है।











