Dhanbad News: ट्रैफिक पुलिस के लगातार अभियान चलाने के बाद भी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार नहीं आ रहा है। मंगलवार को कंबाइन बिल्डिंग के समीप बस और टोटो (ई रिक्शा) चालक के झगड़े के कारण सड़क पर जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस मूक दर्शक बनी रही। इस दौरान 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल जा रही एक महिला को रास्ते में ही अपने बच्चें को जन्म देना पड़ा। संजोग अच्छा था कि प्रसव के दौरान कोई अनहोनी नहीं हुई है। जच्चा – बच्चा दोनों सुरक्षित है। एंबुलेंस में मौजूद सहिया की सहायिका ने एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। जाम हटने के बाद महिला और नवजात को अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों को 48 घंटे के लिए चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि नवजात का वजन ढाई किलोग्राम है। मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। उन्होंने परिजनों से अपील की है कि जब चिकित्सकों द्वारा प्रसव की संभावित तिथि बताई जाती है, तो उसे गंभीरता से लें और गर्भवती को समय पर अस्पताल पहुंचाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। 108 एंबुलेंस के चालक संजीव कुमार ने ट्रैफिक पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उसने बताया कि वह दुलाली देवी को बरवाअड्डा जयनगर से लेकर सदर अस्पताल आ रहा था। समय पर अस्पताल पहुंच जाता, लेकिन कंबाइन बिल्डिंग के पास जाम के कारण परेशानी आई। ट्रैफिक के जवान वहां मौजूद थे, लेकिन जाम हटाने में देरी की।












