JharkhandNews: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ खिजरी विधायक राजेश कच्छप और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश सिन्हा सनी भी उपस्थित थे। मंत्री के अचानक पहुंचने से रिम्स प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

वार्डों में जाकर मरीजों से लिया हाल-चाल
निरीक्षण के दौरान डॉ. अंसारी ने सीधे वार्डों में पहुंचकर मरीजों से संवाद किया। उन्होंने बुज़ुर्गों, महिलाओं और बच्चों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और सफाईकर्मियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

स्वास्थ्य मंत्री बोले – “जनता का सेवक बनकर आया हूं”
डॉ. इरफान अंसारी ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“मैं यहां नेता बनने नहीं, जनता का सेवक बनकर आया हूं। मेरी प्राथमिकता जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाना है। अधिकांश जगहों पर स्टाफ अपना काम ईमानदारी से कर रहा है, यह देखकर संतोष हुआ।”
बेड की कमी को लेकर जल्द कार्रवाई का आश्वासन
स्वास्थ्य मंत्री ने माना कि रिम्स में मरीजों का बोझ अधिक है और कुछ वार्डों में बेड की कमी एक बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में जल्द ही कदम उठाए जाएंगे और रिम्स के विस्तार पर तेजी से कार्य होगा।













