Bihar News: बिहार में साल 2025 के अंत में विधानसभा का चुनाव होना है. लेकिन चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अभी से ही तेज होती दिख रही है. एक ओर एनडीए चुनाव को लेकर अपनी तैयारी तेज कर रही है. तो वहीं दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन की मुश्किले बढ़ गई है. ऐसा इस लिए क्योंकि हाल ही में महागठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक बिहार की राजधानी पटना में आयोजित की गई थी. जिसमें आरजेडी, कांग्रेस जैसे गठबंधन के प्रमुख दलों ने हिस्सा लिया था. लेकिन इस बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा को आमंत्रित नहीं किया गया. अब इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
जबरन नहीं जाना किसी बैठक में पार्टी बिहार चुनाव लड़ेगी- झामुमो
एक और जहां बैठक से बाहर रहने पर JMM की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है. पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने साफ शब्दों में कहा कि JMM को जबरन किसी बैठक में नहीं जाना है और पार्टी बिहार चुनाव लड़ेगी, यह अब तय हो चुका है. साथ ही उन्होंने गठबंधन के धर्म की याद दिलाते हुए कहा कि जब RJD के पास झारखंड विधानसभा में एकमात्र विधायक था, तब भी JMM ने उन्हें मंत्री पद देकर सम्मान दिया था. और इस बार के विधानसभा चुनाव में भी आरजेडी के एक मंत्री को हमने अपने कैबिनेट में जगह दी है. ऐसे में RJD और कांग्रेस को भी गठबंधन की मर्यादा निभानी चाहिए.
झामुमो को रखा होगा धैर्य- आरजेडी
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नाराजगी भरे तेवरों पर RJD ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. झारखंड आरजेडी के महासचिव व मीडिया प्रभारी कैलाश यादव ने इस मामले में कहा कि बिहार के महागठबंधन में उन्हीं दलों को बैठक में बुलाया गया जो वहां सक्रिय और समान विचारधारा वाले हैं. साथ ही उन्होंने JMM की महत्वाकांक्षा को स्वाभाविक बताया, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि JMM को धैर्य रखना होगा, उचित समय आने पर शीर्ष नेतृत्व विचार करेगा. साथ ही कहा कि अगर JMM चाहे तो सभी सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, लेकिन सीट बंटवारे में उन्हें सम्मानजनक हिस्सेदारी तभी मिलेगी जब संयम और समझदारी दिखाई जाएगी.
तोप मांगोगे तो शायद मिल जाएगा बंदूक का लाइसेंस- भाजपा
तो वहीं इस सियासी खींचतान पर भारतीय जनता पार्टी ने भी चुटकी ली है. पार्टी नेता और पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने तंज कसते हुए कहा, तोप मांगोगे तो शायद बंदूक का लाइसेंस ही मिलेगा. उन्होंने कहा कि JMM द्वारा 16 सीटों मांगों तो शायद एक-दो सीट मिल जाएगा.
16 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है झामुमो
इधर, सूत्रों का कहना है कि बिहार के चुनाव झारखंड मुक्ति मोर्चा कुल 16 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना चुका है, जिसमें 12 सीटों पर पार्टी की तैयारियां लगभग पूरी है. उन्होंने जिन सीटों का जिक्र किया है उनमें चकाई, कटोरिया, ठाकुरगंज, कोचाधामन, रानीगंज, बनमनखी, रूपौली, धमदाह, पूरनपुर, झाझा, छातापुर, सोनबरसा, रामनगर, जमालपुर, तारापुर और मनिहारी में चुनाव लड़ने की योजना बना रहा है. हालांकि अब देखना यह होगा कि क्या झारखंड मुक्ती मोर्चा को महागठबंधन में जगह मिलती है या फिर वह बिहार चुनाव में अकेले उतरने का जोखिम उठाती है. क्योंकि इंडिया गठबंधन में अंदर खाने इस बार की चर्चा है कि बिहार चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा को 2 से 4 सीटों पर चुनाव लड़ने दिया जाएगा.













