Dhanbad News: सिंदरी शहर में लगातार हो रही बारिश से सिंदरी के नदी नाले लबालब भर गए हैं। सीवरेज के पानी की निकासी की व्यवस्था चरमरा जाने के कारण पूरे शहर में नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। यह नगर निगम की पोल खोल रहा है। जमीन के सतह से नीचे स्थित आवासों की स्थिति नारकीय हो गई है। सीवरेज का पानी घरों के आर पार बह रहा है। सीवरेज के पानी के कारण कई घरों के सामान गंदे पानी में भींग कर बेकार हो चुके हैं। सिंदरी शहर में सीवरेज की सफाई वर्षों से नहीं हुई है। घरों के आसपास के कूड़े भी नालियों में बह रहे हैं, जिससे नालियां जाम हो गई हैं। सबसे बुरी स्थिति बी टी टाईप आवासों की है जो टापू बना हुआ है। शहरपुरा स्थित नीचे मोहल्ले के एल, एम और एन टाईप, रोहडाबांध का आर एन टाईप, रांगामाटी स्थित आर एम एल टू और आर एम फोर, डोमगढ़ स्थित डीबी टाईप के आवासों के चारों ओर सीवरेज का पानी जमा हुआ है। नगर निगम के द्वारा जमा पानी के निकासी और सीवरेज के सफाई की कोई आमूल चूल व्यवस्था नहीं है। पैन जाम होने के कारण कहीं कहीं लोग खुले में शौच करने के लिए विवश हैं।












