Road accident: आज सुबह पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र में एनएच 32 (18) पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया, जिसमें तिलाईटांड गांव के नौ युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. ये सभी युवक सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के निवासी थे और गुरुवार को बारात लेकर बलरामपुर के अदाबना गांव गए थे.
सभी युवकों की मौत
घटना तब घटी जब बोलेरो (संख्या JH05DB-7466), जिसमें बारात से लौटते वक्त युवक सवार थे, बलरामपुर के नामशोल के पास सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर (OD09V-9281) से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पलट गए और बोलेरो में सवार सभी नौ युवकों की जान चली गई. मृतकों की पहचान बीरु महतो (बोलेरो के मालिक), चंद्रमोहन उर्फ बांका महतो, अजय महतो, विजय महतो, सपन महतो, गुरुपद महतो, शशांक महतो, चितरंजन महतो और कृष्णा उर्फ मुंडा महतो के रूप में हुई है. इस घटना से तिलाईटांड गांव में मातम छा गया है और परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया अस्पताल भेजा गया. फिलहाल प्रशासन हादसे की जांच में जुटा है ताकि इसके पीछे की वजह स्पष्ट हो सके.
ये खबर दिल दहला देने वाली है—एक ही गांव के नौ नौजवानों की इस तरह एक साथ मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है.













