Jharkhand: झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड स्थित पथलडीहा गांव शुक्रवार की सुबह खूनी जंग के मैदान में तब्दील हो गया। ज़मीन विवाद को लेकर दो पक्षों – भगीरथ मोदी और एतवारी सिंह – के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक भिड़ंत में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें महिलाओं समेत कुल 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल हुए लोगों की सूची:
पहला पक्ष (भगीरथ मोदी):
- लोकमतिया देवी (40)
- भगीरथ मोदी (55)
- वेवी देवी (50)
- दीपक कुमार (27)
- नीतीश कुमार (26)
- अजय उर्फ मंटू मोदी (28)
- ठकुरी साव (52)
- प्रमिला देवी (40)
दूसरा पक्ष (एतवारी सिंह):
- एतवारी सिंह (70)
- उमेश सिंह (55)
- सुनीता देवी (50)
- बासो सिंह (45)
- पारो देवी (35)
इलाज के लिए घायलों को किया गया रेफर
घायलों का प्रारंभिक उपचार बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शेख मोहम्मद, डॉ. प्रवीण अग्रवाल और सीएचओ तारकेश्वर अहीर की देखरेख में हुआ। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, परिजनों ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, अब तक नहीं हुआ केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना के एएसआई चंद्रमौली उरांव, प्रमुख राम बैठा, मुखिया दिलीप दास और भाकपा माले नेता सीताराम सिंह बिरनी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की।
इस मामले पर थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया, “घटना में मारपीट हुई है, घायलों का इलाज चल रहा है। अब तक किसी भी पक्ष से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।”












