रांची। झारखंड राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड की 9वीं बैठक बोर्ड कार्यालय में अध्यक्ष जयशंकर पाठक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी, जो राज्य के धार्मिक एवं सामाजिक संरचना को सशक्त बनाएंगे। बैठक में बोर्ड के सदस्य राकेश सिन्हा, संजीव तिवारी और अजय नारायण मिश्रा भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान लिए गए 4 महत्वपूर्ण निर्णय:
1. धार्मिक न्यास बोर्ड को मिला 3 करोड़ रुपये का वार्षिक आवंटन
बोर्ड को हर साल ₹3 करोड़ का आवंटन राज्य कैबिनेट से प्राप्त होगा। इस पर बोर्ड ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और मंत्रीपरिषद के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। बोर्ड के अनुसार, यह राशि धार्मिक न्यास कार्यों को और अधिक प्रभावशाली बनाने में सहायक होगी।
2. श्रावणी मेले की तैयारी में रहेगा बोर्ड का विशेष योगदान
श्रावणी मेले को सफल बनाने के लिए प्रसिद्ध शिवालयों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए बोर्ड के सदस्य और कर्मचारी प्रशासन के साथ मिलकर तैनात रहेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
3. सदस्यों और कर्मचारियों को मिलेगा स्वास्थ्य बीमा लाभ
धार्मिक न्यास बोर्ड में नियुक्त सभी स्तर के कर्मचारियों एवं माननीय सदस्यों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने हेतु प्रस्ताव पारित किया गया, जो सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
4. मंदिर प्रबंधन पर कार्यशाला और निबंधन को लेकर सख्ती
बोर्ड ने एक या दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया, जिसमें मंदिर प्रबंधन और सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही, जो मंदिर अब तक बोर्ड में निबंधित नहीं हुए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर तत्काल निबंधन कराने का निर्देश दिया गया है। अन्यथा, उन मंदिरों में न्यास बोर्ड की ओर से कमेटी गठित की जाएगी।













