बिरनी: भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी बलगो मुस्लिम टोला में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 20 वर्षीय युवती सबारा खातून ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान बलगो गांव निवासी रहमान अंसारी की पुत्री के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जब युवती देर तक सोकर नहीं उठी तो परिजनों और ग्रामीणों को आशंका हुई। कई बार आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला, तो ग्रामीणों की मदद से कमरे का दरवाजा को तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए—युवती फांसी के फंदे से झूल रही थी। तत्काल ग्रामीणों की सहायता से शव को नीचे उतारा गया और भरकट्टा ओपी को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार, एएसआई संतोष कुमार दुबे, आनंदी प्रसाद समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के संबंध में मृतका की मां कुरेशन बीबी ने भरकट्टा ओपी को दिए गए लिखित आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री सबारा खातून मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। उन्होंने बताया कि रोज़ की तरह वह शनिवार शाम को खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई थी, पर अगली सुबह देर तक नहीं उठी, जिससे आशंका हुई। मां ने यह भी स्पष्ट किया कि परिवार की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
गांव में मातम का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। मृतका के परिजन सदमे में हैं और रो-रो कर बेहाल हैं। ग्रामीणों ने भी इस घटना को अत्यंत दुःखद बताया और परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
क्या बोले ओपी प्रभारी?
भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आवेदन के अनुसार युवती मानसिक रूप से बीमार थी, फिर भी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।













