Ranchi: MahaShivratri महोत्सव के अवसर पर राजधानी रांची एक बार फिर आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक वैभव का अद्भुत संगम देखने जा रही है। श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर द्वारा 15 फरवरी (रविवार) को संध्या 3 बजे ऐतिहासिक शिवबारात का आयोजन किया जाएगा। बारात का शुभारंभ हेमंत सोरेन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य संरक्षक सुबोधकांत सहाय, विधायक सी पी सिंह, कुणाल अजमानी, राजेश साहू, बादल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
दिव्य स्वरूप में दिखेंगे भोलेनाथ
आयोजन समिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने बताया कि इस वर्ष भगवान शिव “कर्पूरगौरं करुणावतारं” के दिव्य स्वरूप में भूत-प्रेतों की टोली के साथ बारात में शामिल होंगे। 51 माताएं शिवजी का परछन और आरती करेंगी। झांकी के दर्शन मात्र से श्रद्धालुओं के कल्याण की कामना की गई है।
बारात में भगवान राम-लक्ष्मण-सीता, राधा-कृष्ण, मां दुर्गा (महिषासुर मर्दिनी स्वरूप) सहित अनेक देवी-देवताओं की जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
ये रहेगा शिवबारात का रूट
शिवबारात पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार से निकलकर निम्न मार्गों से गुजरेगी:
- शनि मंदिर, अपर बाजार
- शहीद चौक
- फिरायालाल चौक
- गांधी चौक
- महावीर चौक
- रातू रोड
- पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर
जहां सनातन विधि-विधान से भगवान शिव का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
इको-फ्रेंडली बारात और सांस्कृतिक कार्यक्रम
मुख्य संयोजक कुणाल अजमानी एवं संरक्षक भीम प्रसाद ने बताया कि इस बार पूरी शिवबारात इको-फ्रेंडली होगी। देशभर से कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।
मुख्य आकर्षणों में शामिल होंगे:
- शिव तांडव
- 21 कन्याओं द्वारा काली तांडव
- अघोरियों का तांडव नृत्य
- छऊ नृत्य
- भजन संध्या
- झारखंड का प्रसिद्ध ताशा पार्टी
- राधा-कृष्ण प्रेम नृत्य
- DJ प्रस्तुति
बारात में 5 सजे-धजे रथ होंगे, जिनमें घोड़ा सारथी होंगे। कुल 20 से 21 वाहनों को फूलों से सजाया जा रहा है।
सभी मंदिरों और साधु-संतों को आमंत्रण
समिति द्वारा रांची के सभी मंदिरों के देवी-देवताओं, भिक्षुओं, सपेरों, जोगियों और अघोरियों को विशेष आमंत्रण भेजा गया है। “हर घर शिव” कार्यक्रम के तहत मीडिया बंधुओं को पहाड़ी बाबा का प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया जाएगा।
संरक्षक जितेंद्र सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस दिव्य शिवबारात का हिस्सा बनें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।











