Jharkhand: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा फन पार्क में “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस आयोजन में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाग लेकर लोगों को योग के लाभों से अवगत कराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग प्रेमियों, सरकारी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा,
“मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सपना है स्वस्थ झारखंड, और योग उस दिशा में पहला सशक्त कदम है। योग केवल व्यायाम नहीं, यह जीवन को बदलने वाली भारतीय विद्या है।”
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि झारखंड सरकार पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धतियों और योग के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दे रही है। राज्य में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया:
- पूर्वी जेल रोड, रांची में आम नागरिकों के लिए राज्य स्तरीय योग केंद्र संचालित किया जा रहा है।
- कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों को स्कूलों में नियमित योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
- राज्य के 745 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में करीब 1000 योग प्रशिक्षक सेवा दे रहे हैं।
- पुरुष प्रशिक्षक प्रति माह 32 और महिला प्रशिक्षक 20 योग सत्र आयोजित कर रहे हैं।
- 50 बिस्तरों वाले धन्वंतरि आयुष अस्पताल का निर्माण रांची और पूर्वी सिंहभूम में प्रगति पर है।
- 10 चलंत आयुष अस्पताल, पंचकर्म केंद्र, और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विशेष आयुष कैंप भी शीघ्र शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि योग नई पीढ़ी को आत्म-नियंत्रण, अनुशासन और मानसिक संतुलन सिखाने का श्रेष्ठ माध्यम है।
कार्यक्रम में रांची विधायक श्री सीपी सिंह ने भी शिरकत की। उन्होंने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा,
“योग दिवस आज एक वैश्विक उत्सव बन चुका है। झारखंड सरकार का यह प्रयास वास्तव में प्रशंसनीय है।”
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार, अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा, निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं, आयुष निदेशक श्रीमती सीमा कुमारी उदयपुरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई।







