Jharkhand News: गिरिडीह में उदनाबाद स्थित शिवम आयरन एंड स्टील प्लांट में सोमवार की देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। फैक्ट्री के ओपनकास्ट यूनिट में काम कर रहे 25 वर्षीय मजदूर मुकेश वर्मा उर्फ लालू, पुत्र सुबोध वर्मा, की अचानक गर्म पानी में गिर जाने से मौत हो गई। बताया जाता है कि यह हादसा करीब रात 12 बजे हुआ और मौके पर ही उनकी जान चली गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजन बेसुध हो गए।
फैक्ट्री परिसर में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय साथी मजदूरों और फैक्ट्री प्रशासन ने मुकेश को बचाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। इसके बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सुबह होते-होते बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन फैक्ट्री गेट पर जुट गए और मुआवजे तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार हंगामा करने लगे।
read more- झारखंड में एक बार फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 13 सितंबर तक येलो अलर्ट जारी
फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जाती है- ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जाती है। मजदूरों से बिना उचित सुरक्षा उपकरण के काम कराया जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं घटित होती रहती हैं। उनका कहना है कि पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रबंधन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी लापरवाही के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। हर ओर मजदूर की असामयिक मौत की चर्चा रही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक परिवार को मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हालांकि, बहुत देर तक चली बातचीत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने दाह संस्कार हेतु 50 हजार सहयोग राशि देने के साथ-साथ मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की। इसके बाद गुस्साए ग्रामीण शांत हुए।
read more- क्या झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री की जान खतरे में है? डॉ. इरफान अंसारी को आया कॉल
इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि फैक्ट्रियों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर आखिर कब तक लापरवाही बरती जाती रहेगी। अब देखना होगा कि प्रशासन और प्रबंधन भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।












