Jharkhand: पलामू जिला 21 जून को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरी तरह योगमय हो उठा। इस वर्ष की थीम “योग संगम – एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए” के अनुरूप जिला प्रशासन एवं नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
प्रमंडलीय मुख्यालय में हुआ जिला स्तरीय भव्य आयोजन
नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के पीजी ब्लॉक परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. डॉ. दिनेश कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता हिमांशु लाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सिंह, आयुष पदाधिकारी डॉ. रामनारायण कारक सहित कई पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ की योग प्रशिक्षक ममता सिन्हा और धीरज कुमार ने वज्रासन, ताड़ासन, वृक्षासन, सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, श्वासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी आदि योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया।
जिले के प्रखंड, पंचायत और शिक्षण संस्थानों में भी योग कार्यक्रम
पलामू जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में भी सामूहिक योग सत्र का आयोजन हुआ। सभी संस्थानों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर “योग संगम” थीम के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास किया।
जनता शिवरात्रि महाविद्यालय (JS College) में भी उत्सव का माहौल
जेएस कॉलेज में प्रभारी प्राचार्य डॉ. अश्विनी कुमार वैद्य के नेतृत्व में प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास करवाया।
डॉ. वैद्य ने कहा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है जो मानसिक और आत्मिक शांति प्रदान करता है।” कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान और दैनिक योग को जीवन में शामिल करने के संकल्प के साथ हुआ।
प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. एसके मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजीत सेठ, विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार, डॉ. मृत्युंजय कुमार, डॉ. मनोरमा सिंह, डॉ. विमल सिंह सहित अनेक प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।












