Ranchi: राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। टोनको तालाब के समीप एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले युवक को बड़े पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया और फिर पहचान मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर जला दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सुबह तालाब के पास मिला जला हुआ शव
शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब के पास एक जला हुआ शव देखा। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। एयरपोर्ट थाना और खरसीदाग ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शव की पहचान मुश्किल
पुलिस के मुताबिक शव इतनी बुरी तरह जला हुआ है कि युवक की पहचान करना बेहद मुश्किल हो रहा है। घटनास्थल से खून से सना हुआ एक बड़ा पत्थर भी बरामद किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या इसी पत्थर से की गई।
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। हालांकि हत्या के कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इस घटना से भयभीत हैं और जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।













