Jamshedpur: जमशेदपुर के कपाली थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर डुमरी पुल के पास एक चलती स्कूटी पर सवार युवक पर चापड़ से हमला कर दिया गया। घायल युवक की पहचान 26 वर्षीय फरदीन खान, निवासी मानगो रोड नंबर 1, के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, फरदीन अपने दोस्त तौसिफ आलम के साथ साकची से चिकन पहुंचाकर घर लौट रहा था। मानगो पुल पर जाम होने के कारण दोनों डोबो पुल के रास्ते लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार हमलावरों ने डुमरी पुल के पास फरदीन पर अचानक चापड़ से हमला कर दिया। हमले में उसका चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया।
अस्पताल तक पीछा, फिर फरार
घायल फरदीन को पहले ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि हमलावर अस्पताल तक उसका पीछा करते पहुंचे, लेकिन बाद में वहां से भाग निकले। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुराने विवाद से जुड़ा मामला
परिजनों ने गोलमुरी के रहने वाले राजा और फरहान पर हमले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दो साल पहले कॉलेज में फरदीन और राजा के बीच विवाद हुआ था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया था। इसके बावजूद इस तरह की वारदात ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
कपाली थाना प्रभारी धीरंजन कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हमले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













