जमशेदपुर:सरायकेला जिला के चांडिल अंचल कार्यालय में शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अहम कदम उठाया. टीम ने राजस्व विभाग में कार्यरत शनि वर्मन को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया.
ACB ने ट्रैप योजना बनाई
जानकारी के अनुसार, चांडिल के कदमडीह निवासी राजेश हेंब्रम ने ACB को शिकायत दी थी कि दालग्राम इलाके की जमीन का पंजी-2 ऑनलाइन अपडेट कराने के लिए उनसे घूस की मांग की गई थी. शिकायत की जांच करने के बाद ACB ने ट्रैप योजना बनाई और तय समय पर कार्यालय में पहुँच कर कार्रवाई की.
जैसे ही शनि वर्मन ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने तत्काल उन्हें पकड़ लिया और पूछताछ के लिए जमशेदपुर ले गई. उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
ACB ने अपील की है की आम जनता ऐसे मामलों की सूचना तुरंत दें, ताकि भ्रष्टाचार पर सख्ती से रोक लगाई जा सके.












