Jharkhand News: झारखंड पुलिस में 32 वर्षों तक सेवा देने के बाद जून 2025 में जिन 64 इंस्पेक्टरों को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर प्रोन्नति दी गई थी, उन्हें अब तक पोस्टिंग नहीं मिल सकी है। प्रोन्नति के छह महीने बीत जाने के बावजूद ये सभी अधिकारी योगदान की प्रतीक्षा में हैं। इस बीच दो प्रोन्नत DSP सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं।
सरकार ने 25 जून 2025 को इन अधिकारियों को DSP पद पर प्रोन्नति दी थी। नियमों के अनुसार प्रोन्नति के 15 दिनों के भीतर पोस्टिंग होनी चाहिए, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासनिक स्तर पर यह मामला औपचारिकता बनकर रह गया है।
रिटायरमेंट से ठीक पहले दी जा रही पोस्टिंग
जून 2025 में अजय कुमार को सेवानिवृत्ति से महज आठ दिन पहले DSP पद पर पोस्टिंग दी गई, ताकि उन्हें प्रोन्नति का वित्तीय लाभ मिल सके। इसी तरह नवंबर 2025 में विनोद कुमार को भी रिटायरमेंट से आठ दिन पहले पोस्टिंग दी गई। जनवरी 2026 में चार और प्रोन्नत DSP सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि उन्हें भी केवल औपचारिक पोस्टिंग ही मिलेगी।
Jharkhand News: योगदान की तिथि से मिलेगा लाभ
गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार DSP पद का वेतन एवं अन्य लाभ योगदान की तिथि से ही देय होंगे। इसी वजह से सरकार रिटायरमेंट के ठीक पहले पोस्टिंग कर औपचारिकता पूरी कर रही है, लेकिन अधिकारियों को नए पद पर काम करने का अवसर नहीं मिल पा रहा है।
Read more- Jharkhand News: झारखंड में कड़ाके की ठंड का कहर बरकरार, इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
पुलिस अधिकारियों की कमी के बावजूद पोस्टिंग नहीं
झारखंड में पहले से ही पुलिस अधिकारियों की भारी कमी है। इसके बावजूद प्रोन्नत अधिकारियों से योगदान नहीं लिया जाना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
Jharkhand News: 38 प्रशिक्षु DSP भी इंतजार में
इधर, राज्य के 38 प्रशिक्षु DSP भी पोस्टिंग की राह देख रहे हैं। हजारीबाग पुलिस अकादमी से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इनका प्रोबेशन अक्टूबर 2024 में ही समाप्त हो चुका है, लेकिन अब तक इन्हें भी फील्ड पोस्टिंग नहीं दी गई है।
जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले प्रोन्नत DSP
- अखिलेश प्रसाद मंडल – विशेष शाखा
- सरोज कुमार सिंह – जमशेदपुर
- शैलेश प्रसाद – गिरिडीह
- बिनोद उरांव – विशेष शाखा
Jharkhand News: 2026 में रिटायरमेंट की कतार में अन्य अधिकारी
- सुधार प्रसाद साहू – लोहरदगा (जून 2026)
- अजय कुमार – रामगढ़ (मई 2026)
- इजाजुल हसन सिद्दीकी – विशेष शाखा (अक्टूबर 2026)
- अजय प्रसाद – CID (दिसंबर 2026)
राज्य गठन के बाद यह पहला मामला है जब इतनी बड़ी संख्या में इंस्पेक्टरों को DSP पद पर प्रोन्नति मिलने के बावजूद महीनों तक पोस्टिंग नहीं दी गई है, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।











