Dhanbad: आजसू पार्टी धनबाद जिला इकाई ने रविवार को शहीद निर्मल महतो की पुण्यतिथि लोयाबाद स्थित शगुन पैलेस, हटिया मोड़ में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मंटू महतो ने की। इस मौके पर केंद्रीय सदस्य, नगर अध्यक्ष, छात्र नेता और दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मंटू महतो ने झारखंड की राजनीति में लगातार कुड़मी नेताओं को निशाना बनाए जाने पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्व. विनोद बिहारी महतो, शहीद शक्तिनाथ महतो, शहीद निर्मल महतो और शहीद सांसद सुनील महतो के बाद अब आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो को टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया, “आखिर हर बार गोलियों के निशाने पर कुड़मी नेता ही क्यों होते हैं और इन शहादतों की निष्पक्ष जांच अब तक अधूरी क्यों है?”
मंटू महतो ने खुलासा किया कि खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार, पीएलएफआई के 15 लाख के इनामी नक्सली मार्टिन केरकेट्टा की रडार पर सुदेश महतो थे। हाल ही में गुमला एनकाउंटर में मार्टिन के मारे जाने के बाद यह साजिश सामने आई। बताया गया कि 25 जनवरी 2023 को रांची के जोन्हा जंगल में बड़े नक्सली कमांडरों की गुप्त बैठक हुई थी, जिसमें मार्टिन, तिलकेश्वर गोप, सूरज गोप और मोटू शामिल थे। इसी बैठक में हमले की योजना बनी, लेकिन समय रहते खुफिया एजेंसियों को इसकी भनक लग गई और पुलिस ने तिलकेश्वर गोप व सूरज गोप को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार से मांग की कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच हो और सुदेश महतो को उच्चस्तरीय सुरक्षा प्रदान की जाए, क्योंकि पीएलएफआई का नेटवर्क अभी भी सक्रिय है।
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोग:
केंद्रीय सदस्य रतिलाल महतो, कुल्लू चौधरी, भगवान दास शर्मा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष हलधर महतो, संगठन सचिव वीरेंद्र सिंह, छात्र नेता विशाल महतो, महानगर अध्यक्ष पप्पू सिंह, नगर अध्यक्ष जितू पासवान, उपाध्यक्ष संतोष पासवान, जिला उपाध्यक्ष संजय महतो, राजू रवानी, बिनोद सिंह, बिट्टू महतो, पुनीत सिंह, गुड्डू पासवान, योगेश महतो, मो. जमीर, जितन शर्मा, टिंकू महतो, बब्लू पासवान, भोला पासवान, रौनक पासवान समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम का माहौल भावनात्मक और राजनीतिक चेतना से भरा रहा, जिसमें शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ-साथ मौजूदा नेतृत्व की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।













