भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर की गई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद आज सुबह 11 बजे केंद्र सरकार ने संसद पुस्तकालय भवन, संसद परिसर में समिति कक्ष जी-074 में सर्वदलीय बैठक की. यह बैठक का उद्देश्य राजनीतिक दलों को सरकार द्वारा हाल ही में उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी देना था.
जानकारी के अनुसार, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के साथ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़े सारे स्थिति के बारे में जानकारी दी. रक्षामंत्री ने बताया कि यह ऑपरेशन अभी समाप्त नहीं हुआ है. लेकिन, अभी सुरक्षा कारणों से सारी जामकारियां साझा नहीं की जा सकती है, इसलिए कई जानकारियां गोपनीय रखी गई है. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि “संकट के समय में हम सरकार के साथ हैं”.
बता दें बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई इस सर्वदलीय बैठक में पहले तो रक्षामंत्री ने सभी दलों के समक्ष ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी साझा की. जिसके बाद, सभी नेताओं ने सेनाओं को बधाई दी. सभी नेताओं ने ऑपरेशन की गंभीरता को समझते हुए अपना मत रखा और अपने-अपने सुझाव दिए. आगे सभी ने कहा कि हम एकजूटता से सरकार के साथ है.












