रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर एक और घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य के खेल विभाग में स्पोर्ट्स किट की खरीद में करीब 6 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों को दरकिनार कर टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी की गई है।
read more: झारखंड हाईकोर्ट की सुरक्षा में बड़ा घोटाला! भाजपा ने लगाया हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप
सरकार के हर विभाग में मची है लूट
मरांडी ने कहा कि झारखंड में सरकार के हर विभाग में लूट मची हुई है और सारे नियम-कानूनों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ई-रिक्शा में डीजल भरवाने जैसे हास्यास्पद घोटाले के बाद अब खेल विभाग ने स्पोर्ट्स किट खरीद में नई अनियमितता को अंजाम दिया है। उनके अनुसार, विभाग ने टेंडर प्रक्रिया में सबसे कम कीमत पर सामान देने को तैयार L1 कंपनी को नजरअंदाज कर ऊंची दर वाली L2 कंपनी को ठेका दे दिया। यह सीधा नियमों का उल्लंघन और भ्रष्टाचार का उदाहरण है। उन्होंने कहा, कि हेमंत सरकार में पारदर्शिता की जगह साठगांठ और कमीशन आधारित फैसलों का बोलबाला है। अब यह आम बात हो गई है कि टेंडर में गड़बड़ी करके चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया जाता है। बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस पूरे मामले की जांच कराकर दोषी अधिकारियों और संबंधित मंत्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।












