–स्वास्थ्य सुविधा चरमराने की बढ़ी आशंका
कोडरमा। सदर अस्पताल में आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत एम्बुलेंस 108 के कर्मी मांगे पूरी नही होने पर अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। एम्बुलेंस चालकों समेत अन्य कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से सदर अस्पताल से रेफर होने वाले मरीजों के लिए समस्याएं खड़ी हो गयी।
बताते चलें कि लम्बित प्रोत्साहन राशि, ग्रेच्युटी, पीएफ और नियमित रूप से वेतन, कंडम एम्बुलेंस वाहनों की अविलंब मरम्मती आदि की मांग को लेकर बीते 7 अप्रैल को एम्बुलेंस कर्मियों ने उपायुक्त और सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंप कर 10 अप्रैल तक मांगें पूरी करने अन्यथा 11 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने की चेतावनी दिया था, निर्धारित समय सीमा के अंदर कोई ठोस पहल नही होने पर एजेंसी के कर्मी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।
सदर अस्पताल में प्रदर्शन के दौरान हड़ताली कर्मियों ने कहा कि विभिन्न कार्य एजेंसियों के द्वारा हमलोगों से काम को लगातार लिया जा रहा है, लेकिन प्रोत्साहन राशि, ग्रेच्युटी, पीएफ आदि का नियमित लाभ नही दिया जाता है, कोरोना काल के समय का प्रोत्साहन राशि समेत अन्य लाभ नही दिया गया, लम्बित भुगतान की मांग को लेकर कई बार गुहार लगाई मगर कोई कार्रवाई नही हुई, बाध्य होकर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया। वहीं कर्मियों ने कहा कि जब तक मांगे पूरी नही हो जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगा।
मौके पर सुभाष कुमार यादव, विकास कुमार, विकास राजवंशी, लवकुश कुमार, मोहन वर्मा, सन्तोष कुमार, सिकन्दर पासवान, रणजीत महतो, राहुल सिंह, सुमंत कुमार, पवन कुमार, निशु पटेल, प्रकाश कुमार आदि मौजूद थे।









