पलामू।जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के छहमुहान पर कैंडल मार्च के दौरान आरोपित युवक को मारने जा रही भीड़ को रोकने में पुलिस के साथ धक्का मुक्की हुई। करीब आधे घंटे तक हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारी आरोपित युवक को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले एक 11 वर्षीया किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गयी थी।
किशोरी को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया था। बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल थे। जब कैंडल मार्च छहमुहान पर पहुंचा तो उसमें शामिल कुछ युवा दुष्कर्म और हत्या के आरोपित की पिटायी कर उसकी भी हत्या करने के लिए सदर अस्पताल की ओर जाने लगे, जिन्हें पुलिस ने रोका। इस दौरान पुलिस और युवाओं में धक्का मुक्की हुई। दुष्कर्म के आरोपित की घटना वाले दिन जमकर पिटायी की गयी थी, जिससे वह गंभीर हो गया है और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालांकि मौके पर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद, थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने पहुंचकर स्थिति को कंट्रोल में किया। करीब आधे घंटे तक यहां प्रदर्शन करने के बाद सारे लोग लौट गए। प्रदर्शनकारी आरोपी को फांसी की सजा दो के नारे लगा रहे थे।






