रांची। राजधानी रांची समेत पूरा झारखंड बुधवार को रामनवमी उत्सव मनाने को तैयार है। श्रीमहावीर मंडल रांची ने रामनवमी जुलूस निकालने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रामनवमी के मौके पर भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जायेगी। शहर के सात स्थानों से दिन के डेढ़ बजे जुलूस निकलेगा।
17 टोलियां और 1500 सदस्य इसके सफल संचालन में मुस्तैद रहेंगे। रामनवमी की पूर्व संध्या पर मंगलवार की देर शाम श्रीराम मंदिर ऋंगार समिति, महावीर मंडल ऋंगार समिति व अन्य समितियों की ओर से भव्य झांकी निकाली गयी। आकर्षक भेष-भूषा में भगवान श्रीराम, हनुमान, भगवान भोलेनाथ की झांकी ने लोगों का मन मोह लिया।
वहीं अयोध्या में 500 साल बाद जन्मभूमि पर रामलला का जन्मोत्सव म्मनाने की पूरी तैयारी कर ली गयी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामनवमी पर जन्मोत्सव समारोह मनाने लाखों लोग पहुंच गये हैं। जन्मोत्सव के मौके पर भगवान श्रीराम का ऐतिहासिक सूर्य अभिषेक होगा। सूर्य की किरणें भगवान को तिलक करेंगी। दिन में 12 बजे आॅप्टोमैकेनिकल सिस्टम से सूर्य की किरणें प्रभु रामलला के ललाट पर डाली जायेगी।