Dhanbad: वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को कोयला भवन स्थित डाइमंड जुबली हॉल में साइबर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में आयोजित शिविर में सीआईएसएफ के अधिकारियों और जवानों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सीआईएसएफ के डीआईजी राजीव मिश्रा, वरिष्ठ कमांडेंट अजय सिंह, कमांडेंट अजय त्रिपाठी, एम.के. गुप्ता समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
ग्रामीण एसपी ने फर्जी फोन कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर ठगी, ओटीपी एवं यूपीआई पिन मांगने, फर्जी लिंक भेजने, ऑनलाइन निवेश, डिजिटल गिरफ्तारी और सामाजिक माध्यमों के जरिए होने वाली ठगी से सावधान रहने की अपील की।
अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह
उन्होंने कहा कि बैंक, पुलिस या कोई भी सरकारी संस्था फोन पर ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन या इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड नहीं मांगती।
उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और अज्ञात व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल बैंक को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा।
शिविर में मजबूत पासवर्ड रखने, दो स्तरीय सुरक्षा अपनाने और सामाजिक माध्यमों की गोपनीयता सेटिंग मजबूत रखने की जानकारी भी दी गई। जवानों ने साइबर अपराध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और कई सवाल पूछे, जिनका ग्रामीण एसपी ने विस्तार से जवाब दिया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









