Ranchi: झारखंड में सूर्या हसदा एनकाउंटर को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा के राज्यव्यापी आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब अपराधियों के पक्ष में खड़ी नजर आ रही है और जनता की सुरक्षा से ज्यादा एक अपराधी की सुरक्षा की चिंता कर रही है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि सूर्या हसदा का एनकाउंटर पूरी तरह से पुलिस की कार्रवाई का हिस्सा था और इसे राजनीतिक रंग देना जनता को गुमराह करने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबूलाल मरांडी अपनी कुर्सी बचाने के लिए अपराधी के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, जो समाज के लिए ठीक नहीं है।
भाजपा पर बड़े आरोप
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा,
- “ऑपरेशन लोटस, ईडी और सीबीआई के सहारे जब भाजपा हमारी सरकार को अस्थिर नहीं कर पाई, तो अब एक अपराधी के एनकाउंटर को मुद्दा बनाकर राजनीति कर रही है।”
- “भाजपा मुद्दा विहीन हो चुकी है। राज्य में युवाओं को नौकरी और नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं, जिससे भाजपा पूरी तरह हताश है।”
- “हताशा में भाजपा अब एक अपराधी के चेहरे पर अपनी राजनीति चमकाना चाहती है।”
कांग्रेस का दावा
सिन्हा ने कहा कि झारखंड की सरकार युवाओं के रोजगार और विकास के मुद्दे पर लगातार काम कर रही है। भाजपा को यह रास नहीं आ रहा, इसलिए वह जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।












