Barakar railway traffic: आसनसोल रेल मंडल के बराकर रेलवे स्टेशन के अप लाइन पर शनिवार शाम ओवरहेड बिजली का तार टूट जाने से रेल यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा। इस कारण राजधानी एक्सप्रेस सहित एक दर्जन से अधिक ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बराकर स्टेशन के अप लाइन पर अचानक ओवरहेड बिजली का तार टूट गया, जिसके कारण इस रेलखंड से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रुक गईं। ट्रेनें करीब तीन से चार घंटे तक खड़ी रही जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्री प्लेटफॉर्म पर अपने-अपने ट्रेनों के इंतजार में परेशान नजर आए।
Barakar railway traffic: तीन घंटे की मशक्कत के बाद शुरू हुआ परिचालन
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ओवरहेड तार को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने तार को ठीक कर लिया, जिसके बाद धीरे-धीरे ट्रेनों का परिचालन सामान्य होने लगा।
इस संबंध में धनबाद रेलवे स्टेशन के पूछताछ खिड़की पर पदस्थापित कर्मी सुजीत कुमार ने बताया कि ओवरहेड तार में आई खराबी को ठीक कर लिया गया है। प्रभावित ट्रेनों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है और करीब चार घंटे बाद रेल यातायात सुचारू कर दिया गया है।












