Sports news: भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 20 जून से शुरू होगी, लेकिन टीम इंडिया के लिए एक चुनौती सामने आ गई है. टीम के हेड कोच गौतम गंभीर परिवारिक कारणों से इंग्लैंड दौरे को बीच में छोड़कर दिल्ली लौट रहे हैं. उनकी माताजी, सीमा गंभीर, को हाल ही में हार्ट अटैक आया था, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है. हालांकि उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है, लेकिन गंभीर ने अपने परिवार के साथ रहने के लिए तुरंत भारत लौटने का निर्णय लिया.
गंभीर 17 जून तक इंग्लैंड लौट सकते हैं
टीम इंडिया ने 7 जून को इंग्लैंड पहुंचकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी थीं, और फिलहाल वहां प्रैक्टिस जारी है. शुक्रवार, 13 जून से इंडिया और इंडिया-ए टीम के बीच इंट्रा-स्क्वाड मैच भी खेले जाएंगे. उम्मीद जताई जा रही है कि गौतम गंभीर 17 जून तक इंग्लैंड लौट सकते हैं और अपनी कोचिंग की जिम्मेदारी फिर से संभाल सकते हैं.
अंतरिम कोच नियुक्त किया जा सकता है
यदि किसी कारणवश गंभीर इंग्लैंड वापस नहीं जा पाते हैं, तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) संभवतः कोई अंतरिम कोच नियुक्त कर सकता है. हालांकि, अभी इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. संभावना है कि नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के डायरेक्टर वीवीएस लक्ष्मण को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है, लेकिन अंतिम फैसला बीसीसीआई के हाथों में है.
टीम इंडिया की तैयारियों और गौतम गंभीर की वापसी पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि भारत इस टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करेगा.











