रांची /पलामू: अपराधी अमन साहू ने आज एक एसटीएस (स्पेशल टास्क फोर्स) जवान से इंसास राइफल छीन कर और भागने के दौरान जवान पर गोली चला दी। इस हमले में जवान घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमन साहू को ढेर कर दिया। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां भी घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं।जिले की पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विस्तृत जानकारी कुछ देर बाद दी जाएगी।

ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक के अनुसार एनआईए केस के सिलसिले में अमन साहू को छत्तीसगढ़ के रायपुर से रांची लाया जा रहा था। चैनपुर थाना क्षेत्र में पहुंचने पर घात लगाकर अपराधियों ने पुलिस गाड़ी पर पहले बम फेंका, फिर फायरिंग की। इसी क्रम में अमन साहू एक एसटीएस (स्पेशल टास्क फोर्स) जवान से इंसास राइफल छीन कर भागने लगा। भागने के दौरान जवान पर गोली चला दी। इस हमले में जवान घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमन साहू को ढेर कर दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां भी घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं। इधर, जानकारी मिली है कि चैनपुर-रामगढ़ के बीच आने जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया है। बॉडी लेने के लिए एंबुलेंस भेजी गई है। जरूरी प्रक्रिया पूरी कर डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए एमआरएमसीएच में लाया जाएगा।

कौन हैं अमन साहू?
उल्लेखनीय है कि झारखंड में अमन साहू गिरोह का आतंक और उत्पात अन्य आपराधिक गिरोहों की तुलना में बढ़ा था।तीन दिन पहले इसी गिरोह के अपराधियों ने रांची के बरियातू रोड में कोयला ट्रांसपोर्टर बिपिन मिश्रा पर फायरिंग की थी।बता दें, अमन साहू रांची के छोटे से गांव मतबे का रहने वाला है।झारखंड में उसके ऊपर 100 से अधिक मामले दर्ज हैं।अमन साहू हार्डकोर माओवादी भी रहा है।

बताते हैं कि 2013 में अमन ने अपना गैंग बनाया था। करीब ढाई साल पहले कोरबा में अमन साहू गैग के सदस्यों ने बरबरीक ग्रुप पर फायरिंग की थी। शहर के शंकर नगर इलाके में कंपनी के पार्टनर के घर के बाहर गोली चलाकर धमकी दी गई थी। आरोप है कि अमन साहू ने अपने कुछ शूटर रायपुर भेजे थे। उसकी हिट लिस्ट में शहर के कई कारोबारियों के नाम होने का भी दावा किया जाता है। इसके बाद रायपुर पुलिस ने इस गैंग के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
डीएसपी पर हमले से लेकर रंगदारी और वसूली के कई मामले थे दर्ज
एनआईए की जांच के अनुसार अमन साहू गिरोह झारखंड में कई सनसनीखेज अपराधों में शामिल था। इनमें एक डीएसपी पर गोलीबारी और व्यवसायियों और ठेकेदारों पर हमला, उनसे जबरन लेवी-रंगदारी वसूली का मामला भी शामिल है। इस गिरोह ने झारखंड के बाहर विभिन्न टूटे हुए नक्सली संगठनों और अन्य संगठित आपराधिक गिरोहों के साथ भी संबंध विकसित किए थे।
कनाडा से जुड़े तार
पिछले साल 13 जुलाई को रायपुर शहर के तेलीबांधा इलाके में एक बिल्डर के दफ्तर पर फायरिंग की गई थी। इस हमले का आरोप भी अमन साहू गैंग पर ही है।बताया जाता है कि गैंगेस्टर अमन साहू का फेसबुक अकाउंट अमन सिंह नाम का शख्स कनाडा से ऑपरेट करता था। वहीं, एक अकाउंट मलेशिया से सुनील राणा नाम का शख्स देखता है। अमन साहू खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी बताता था। कहा जाता है कि अमन लॉरेंस बिश्नोई को गुर्गे सप्लाई किया करता था, तो वहीं उसे बदले में हाईटेक हथियार मिलते थे। अमन साहू के महंगे कपड़ों का भी शौक था।

अमन साहू गैंग के आपराधिक रिकॉर्ड
07 मार्च 2025: रांची में कोयला कारोबारी विपिन मिश्रा को गोली मारकर घायल कर दिया.
06 अप्रैल 2024 : अमन साहू गिरोह ने बर्बरीक कंपनी को दी धमकी, झारखंड में नहीं करने दिया जायेगा काम.
21 मार्च 2024 : रांची के जमीन कारोबारी से गैंगस्टर अमन साहू के नाम पर पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गई है.
01 दिसंबर 2023: रामगढ़ के कुजू में ट्रांसपोर्ट कार्यालय के बाहर फायरिंग.
07 जुलाई 2023 : रांची के अरगोड़ा में अमन साहू गिरोह के अपराधी ने कोयला कारोबारी रंजीत गुप्ता को गोली मारी थी.
09 जुलाई 2023 : लातेहार में रहने वाले ट्रांसपोर्टर अमित सिंह से रंगदारी मांगी थी.
09 मई 2023 : हजारीबाग के बड़कागांव स्थित ऋत्विक कंपनी के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर शरत कुमार की अमन साहू गिरोह ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.
27 मार्च 2023 : देवघर के नगर थाना क्षेत्र स्थित राय एंड कंपनी चौक के समीप हरदेव कंस्ट्रक्शन के कार्यालय में फायरिंग हुई थी.
18 फरवरी 2023 : शिवपुर रेल लाइन निर्माण कार्य कर रही साईं कृपा कंपनी के साइट पर अमन साहू के गिरोह ने गोलीबारी की थी.