Jharkhand: राष्ट्रपति के दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर राजधानी रांची में 31 जुलाई और 1 अगस्त को ट्रैफिक प्लान में व्यापक बदलाव किया गया है। राजभवन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक के मार्ग में 84 जगह बैरिकेडिंग और 76 बाइलेन बंद कर दिए गए हैं।
राष्ट्रपति काफिले का रूट: एयरपोर्ट से राजभवन तक सख्त निगरानी
राष्ट्रपति का काफिला एयरपोर्ट रोड से होते हुए हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, न्यू मार्केट चौक और हॉटलिप्स चौक से होकर राजभवन पहुंचेगा। इस पूरे मार्ग पर सुरक्षा के लिए तीन लेयर में बल तैनात किए गए हैं। प्रत्येक बाइलेन पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
Read More: हर महीने अब तीन गुना पैसे! आशा-ममता कार्यकर्ताओं के लिए नीतीश सरकार का तोहफा
काफिला गुजरने से पहले 5 मिनट के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे बाइलेन
काफिले के गुजरने से ठीक 5 मिनट पहले संबंधित बाइलेन को बंद कर दिया जाएगा। इन्हें केवल वरीय अधिकारियों के आदेश पर ही पुनः खोला जाएगा।
यात्रियों के लिए अलर्ट: एयरपोर्ट तक कैसे पहुंचें?
- 31 जुलाई को शाम 4 से 7 बजे और 1 अगस्त को सुबह 7 से 10 बजे के बीच एयरपोर्ट जाने वालों को वैकल्पिक रूट से जाने की सलाह दी गई है।
- फ्लाइट वाले यात्री:
- 31 जुलाई की शाम 5 से 6:30 बजे की फ्लाइट पकड़ने वालों को 4:30 बजे तक एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह।
- 1 अगस्त को सुबह 8 से 10 बजे की फ्लाइट वाले 7:30 बजे तक एयरपोर्ट पहुंचे।
- वैकल्पिक मार्ग: रिंग रोड, सदाबहार चौक, घाघरा रोड और हेथु बस्ती
अरगोड़ा से हॉटलिप्स चौक तक ई-रिक्शा और ऑटो प्रतिबंधित
31 जुलाई को शाम 4:30 से 6:30 बजे तक अरगोड़ा से हॉटलिप्स चौक के बीच ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
मालवाहक वाहनों पर भी पाबंदी
- 31 जुलाई:
- दोपहर 3 से रात 8 बजे तक: छोटे मालवाहक वाहन बंद।
- सुबह 8 से रात 10 बजे तक: बड़े वाहनों की इंट्री प्रतिबंधित।
- 1 अगस्त:
- सुबह 6 से रात 10 बजे तक: बड़े वाहन प्रतिबंधित।
- सुबह 7 से 11 बजे तक: छोटे मालवाहकों का परिचालन बंद।
1500 अतिरिक्त जवान तैनात, ड्रोन और CCTV से निगरानी
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 1500 अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं। जैप, आईआरबी, रैप और होमगार्ड की भी मदद ली जा रही है।
सुरक्षा की निगरानी के लिए ड्रोन और CCTV कैमरे तैनात किए गए हैं। राजभवन और कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा विशेष रूप से मजबूत की गई है।
रूट डायवर्जन की पूरी जानकारी
- 1 अगस्त को सुबह 7 से 10 बजे और 31 जुलाई को शाम 4 से 7 बजे तक:
- कांके, रातू, काठीटांड़, दलादली, कटहल मोड़ जाने वाले वाहन मेन रोड, लालपुर, कांटाटोली फ्लाईओवर और बूटी मोड़ होते हुए रिंग रोड से निकलेंगे।
- इन इलाकों से आने वाले वाहन रिंग रोड, बोड़ेया रोड, बूटी मोड़, कांटाटोली फ्लाईओवर से प्रवेश करेंगे।
भारत की माननीय राष्ट्रपति महोदया के प्रस्तावित रांची दौरे के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियाँ की गई हैं। दिनांक 31 जुलाई 2025 से 1 अगस्त 2025 तक राष्ट्रपति महोदया रांची में रहेंगी।
सुरक्षा कारणों से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक होते हुए राजभवन तक के 200 मीटर के दायरे को ‘नो फ्लाइंग ज़ोन’ घोषित किया गया है। यह आदेश ड्रोन, पैरा-ग्लाइडिंग और हॉट एयर बलून जैसी किसी भी उड़ान गतिविधि पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाता है।
यह प्रतिबंध 31 जुलाई 2025 की सुबह 6:00 बजे से 1 अगस्त 2025 की रात 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
यह आदेश अनुमंडल दण्डाधिकारी, सदर, रांची द्वारा BNSS की धारा-163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है।












