भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत आज 13 मई, 2025 को पिछले कारोबारी दिन की शानदार तेजी के बाद गिरावट के साथ हुई. जहां BSE का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स लाल निशान पर खुला, वहीं NSE का बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी भी कमजोरी के साथ खुला.
बता दें सोमवार यानी 12 मई, 2025 को भारतीय शेयर बाजार में एक शानदार रैली देखी गई थी, जिसमें सेंसेक्स 2,975.43 अंक, 3.74 प्रतिशत बढ़कर 82,429.90 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 50- 916.70 अंक, 3.82 प्रतिशत बढ़कर 24,924.70 पर बंद हुआ था.
हालांकि, मंगलवार, 13 मई, 2025 को इस तेजी पर ब्रेक लगा. बाजार के जानकारों ने मुनाफावसूली की संभावना जताई थी. वैश्विक बाजारों में तेजी के बावजूद घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही.
BSE सेंसेक्स अपने पिछले बंद 82,429.90 की तुलना में 180 अंकों के नुकसान के साथ 82,249.60 पर खुला. कुछ ही मिनटों में, सेंसेक्स में गिरावट बढ़ी और यह 800 अंक से ज्यादा फिसलकर कारोबार करने लगा. सुबह 9:30 बजे तक, सेंसेक्स 471.58 अंक या 0.57% की गिरावट लेकर 81,958.32 पर है, और उसके बाद और लुढ़क गया.
इसी तरह, NSE निफ्टी 50 ने अपने पिछले बंद 24,924.70 की तुलना में 60 अंकों की कमजोरी के साथ 24,864 के लेवल से कारोबार की शुरुआत की. शुरुआती कारोबार में ही निफ्टी में भी गिरावट आई और यह 250 अंकों का गोता लगाकर 24,675 तक फिसल गया. सुबह 9:30 बजे तक, निफ्टी 121.75 अंक या 0.49% की गिरावट लेकर 24,802.95 पर चल रहा है.












