Ranchi: झारखंड की महिलाएं जहां महीनों से मईया सम्मान योजना की किस्त का इंतजार कर रही हैं, वहीं पूर्वी सिंहभूम से इस योजना में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जिले के घाटशिला प्रखंड अंतर्गत हैंदलजूड़ी पंचायत में दर्जनों बाहरी महिलाओं के नाम पर फर्जी तरीके से योजना का लाभ लेने की शिकायत मिली है।
गालूडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज
फिलहाल गालूडीह थाना में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना में कांड संख्या 21/2025 के तहत बीएनएसएस की धारा 318(4), 338, 339, 336(3), 61(2), 3(5), 65, 66सी और 66डी में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, योजना का फायदा उठाने वाली महिलाओं में बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की 40 महिलाएं और पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा थाना क्षेत्र की 132 महिलाएं शामिल हैं। सभी के खिलाफ धोखाधड़ी कर सरकारी राशि हड़पने का आरोप है।
read more: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का आधिकारिक X हैंडल हुआ Hack, सीएम सोरेन ने दिए जांच के आदेश
लाभुकों के खाते में एक ही राशन कार्ड
जांच में सामने आया है कि इन 172 फर्जी लाभुकों के बैंक खातों में एक ही राशन कार्ड नंबर, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड का उपयोग किया गया। इतना ही नहीं, सभी लाभुकों के आवेदन में एक ही राशन कार्ड नंबर अंकित था। सवाल यह उठता है कि पंचायत और प्रखंड स्तर पर इन आवेदनों की सही जांच क्यों नहीं की गई? आखिर इतनी बड़ी गड़बड़ी होने के बावजूद योजना को मंजूरी कैसे मिली? इधर, कई असली लाभार्थी महिलाएं अभी तक इस योजना की किस्त के लिए इंतजार कर रही हैं। ऐसे में इस फर्जीवाड़े ने पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












